Sunday, 31 May 2026

★ *सीए बंधुओं, Are You Ready for Change?* ★ {CA + AI + Technology = Future Success} *चार्टर्ड अकाउंटेंसी का पेशा सदैव परिवर्तनशील रहा है,* किन्तु डिजिटल एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के इस युग में इसका स्वरूप पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से बदल रहा है। आज का सीए और आने वाले समय का सीए अनेक दृष्टियों से भिन्न होगा। ■ *वर्तमान का सीए* ■ वर्तमान में अधिकांश सीए की प्रमुख विशेषज्ञता निम्न क्षेत्रों में केंद्रित है— ◆लेखांकन एवं बहीखाता ◆वैधानिक एवं कर ऑडिट ◆आयकर एवं जीएसटी अनुपालन ◆रिटर्न, अपील एवं प्रतिनिधित्व ◆वित्तीय विवरणों का परीक्षण एवं प्रमाणन *यह कार्यशैली कानूनों की समझ, तकनीकी ज्ञान एवं व्यावसायिक अनुभव पर आधारित है।* ■ *भविष्य का सीए* ■ आने वाले वर्षों में केवल अनुपालन (Compliance) आधारित सेवाएं पर्याप्त नहीं होंगी। भविष्य के सफल सीए को निम्न अतिरिक्त योग्यताएं विकसित करनी होंगी— ◆AI Tools एवं Prompt Engineering का उपयोग◆Data Analytics एवं Business Intelligence ◆Digital Audit एवं System Audit ◆Cyber Security एवं Data Protection की समझ ◆Risk Management एवं Fraud Detection ◆Business Advisory एवं Strategic Consulting ◆ERP एवं Cloud Accounting Systems का ज्ञान ■ *भविष्य का नया सूत्र* ■ भविष्य का *सीए केवल Accountant नहीं, बल्कि Data Analyst, Technology Expert, Risk Advisor और Business Consultant* भी होगा। उसका कार्य केवल त्रुटियां ढूंढना नहीं, बल्कि डेटा का विश्लेषण कर व्यवसाय को बेहतर निर्णय लेने में सहायता करना होगा। ■ *निष्कर्ष* ■ अगले पांच वर्षों में चार्टर्ड अकाउंटेंसी का मूल मंत्र होगा— *"CA + AI + Technology + Advisory"* AI सीए का प्रतिस्थापन नहीं करेगा, बल्कि उसकी कार्यक्षमता, गति एवं विश्लेषण क्षमता को कई गुना बढ़ाएगा। जो सीए नई तकनीकों को अपनाएगा, वह अधिक प्रासंगिक, प्रभावशाली और सफल बनेगा। वहीं जो परिवर्तन के साथ स्वयं को विकसित नहीं करेगा, उसके लिए प्रतिस्पर्धा में टिके रहना कठिन होगा। *अतः भविष्य उसी सीए का है जो ज्ञान, तकनीक और नवाचार—तीनों का संतुलित समन्वय स्थापित कर सके।* *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* 1st Elected Chairman of ICAI (2025-26) Treasurer of ICAI (2026-27) (124) #31/05/2026 #dineshapna



 

Saturday, 30 May 2026

★ *आयकर एवं जीएसटी अनुपालन का बदलता परिदृश्य : पारदर्शिता, जवाबदेही और पेशेवर दृष्टिकोण की आवश्यकता* ★ वर्तमान कर व्यवस्था में आयकर एवं जीएसटी, भले ही दो अलग-अलग कानूनों के अंतर्गत संचालित होते हों, किन्तु *दोनों का मूल उद्देश्य समान है — पारदर्शिता, जवाबदेही, अनुपालन एवं वित्तीय अनुशासन* को सुदृढ़ बनाना। यही कारण है कि आज कर प्रशासन का स्वरूप तेजी से तकनीकी एवं डेटा-आधारित होता जा रहा है। आज का समय *केवल कर भुगतान का नहीं, बल्कि “सही अनुपालन” का युग* बन चुका है। आयकर एवं जीएसटी दोनों ही क्षेत्रों में *विभाग तकनीकी आधारित निगरानी, डेटा एनालिटिक्स एवं डिजिटल ट्रैकिंग* के माध्यम से कार्य कर रहा है। परिणामस्वरूप करदाताओं, व्यवसायियों एवं प्रोफेशनल्स की जिम्मेदारियां पहले की तुलना में कहीं अधिक बढ़ गई हैं। आयकर के क्षेत्र में Income Tax Act, 2025 ने कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। *फेसलेस असेसमेंट, वार्षिक सूचना विवरण (AIS), TDS/TCS अनुपालन, डिजिटल जांच प्रणाली एवं पारदर्शी* कर प्रशासन जैसे प्रावधान करदाताओं के लिए नए अवसरों के साथ-साथ नई जिम्मेदारियां भी लेकर आए हैं। बदलते प्रावधानों की सही समझ, समय पर अनुपालन एवं उचित दस्तावेजीकरण अब अत्यंत आवश्यक हो गया है। दूसरी ओर, GST कानून में *ई-वे बिल, ITC मिलान, ई-इनवॉइसिंग एवं डेटा आधारित नोटिसों की प्रक्रिया ने अनुपालन की गंभीरता को* और अधिक बढ़ा दिया है। विभाग द्वारा विभिन्न डिजिटल स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में करदाताओं के लिए न केवल सही रिटर्न दाखिल करना, बल्कि प्रत्येक लेनदेन का पर्याप्त एवं सुदृढ़ दस्तावेजीकरण बनाए रखना भी अनिवार्य हो गया है। इन दोनों कर व्यवस्थाओं का अध्ययन *एक महत्वपूर्ण तथ्य को स्पष्ट करता है कि आज केवल “Tax Planning” पर्याप्त नहीं है, बल्कि “Tax Compliance Management”* भी उतना ही आवश्यक हो गया है। *उचित लेखांकन, मजबूत दस्तावेजीकरण, समयबद्ध रिटर्न, कानूनी समझ तथा पेशेवर दृष्टिकोण* ही सुरक्षित व्यवसाय, सुशासित संस्थान एवं विवादमुक्त कर व्यवस्था की वास्तविक आधारशिला हैं। करदाताओं, व्यवसायियों, ट्रस्टों एवं प्रोफेशनल्स के लिए यह आवश्यक है कि वे बदलते कानूनों एवं तकनीकी व्यवस्थाओं के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रखें। *समय पर अनुपालन, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा विशेषज्ञ मार्गदर्शन* के माध्यम से ही अनावश्यक विवादों, नोटिसों, ब्याज एवं दण्डात्मक कार्यवाहियों से प्रभावी बचाव किया जा सकता है। निष्कर्ष :- आयकर एवं जीएसटी की *आधुनिक व्यवस्था केवल राजस्व संग्रहण का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि यह उत्तरदायी एवं पारदर्शी आर्थिक शासन की दिशा में* एक महत्वपूर्ण कदम है। जो *करदाता और पेशेवर इस परिवर्तन को समझकर स्वयं को इसके अनुरूप ढालेंगे*, वही भविष्य की कर व्यवस्था में अधिक सुरक्षित, सक्षम एवं सफल सिद्ध होंगे। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* 1st Elected Chairman of ICAI (2025-26) Treasurer of ICAI (2026-27) (123) #30/05/2026 #dineshapna


 

Sunday, 24 May 2026

★ *सड़क बचाओ :: जीवन बचाओ* ★ *(१) सड़क अतिक्रमण मुक्त हो :-* सड़कें जन-जन की धरोहर हैं, इन पर सबका अधिकार रहे, अतिक्रमण की दीवारें हटें, हर पथ निर्भय, साकार रहे। रुके न जीवन, थमे न साँसें, दुर्घटना का नाम न हो, स्वच्छ, सुरक्षित, खुली सड़कें हों— यही हमारा धाम हो। *(२) गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण हो :-* गड्ढों वाली टूटी राहें, कितनों का जीवन हर लेतीं, घटिया निर्माण की लापरवाही, कितनी आँखें नम कर देतीं। मजबूत सड़क हो, श्रेष्ठ निर्माण— यही सुरक्षा का मान बने, हर ठेकेदार की जवाबदेही, जन-जीवन का सम्मान बने। *(३) वृक्ष और खम्भों का हो वैज्ञानिक स्थान :-* पेड़ हमारे जीवनदाता, इनसे धरती मुस्काती है, इनकी छाया में हर प्राणी, शीतल साँसें पाती है। दूरी रखकर रोपें इनको, खम्भे भी सुव्यवस्थित हों, विकास और पर्यावरण दोनों, साथ-साथ संरक्षित हों। *(४) खनिज परिवहन हो जिम्मेदार :-* धूल उड़ाकर, सड़क बिखेरकर, लाभ कमाना उचित नहीं, ओवरलोड वाहन की गति में, किसी प्राण का मोल नहीं। ढककर ले जाएँ हर खनिज, नियमों का सम्मान करें, सुरक्षित परिवहन अपनाकर, मानवता का मान करें। *(५) फोरलेन की गुणवत्ता पर ध्यान रहे :-* टोल लिया तो कर्तव्य निभाओ, सुरक्षित हर मार्ग बनाओ, डिवाइडर, संकेत, सर्विस रोड— सब मानकों से सजवाओ। पेड़ों का फिर रोपण करना, सड़कों की मरम्मत भी हो, यात्री की हर साँस सुरक्षित— ऐसी जिम्मेदारी भी हो। *(६) भावनात्मक निवेदन :-* एक दुर्घटना केवल घटना नहीं, जीवनभर की पीड़ा होती है, किसी पिता का साया जाता, किसी माँ की दुनिया रोती है। आओ मिलकर प्रण ये लें— . सड़क बचाएँ, जीवन बचाएँ, सुरक्षित राहों के संग हम, सुखी समाज का दीप जलाएँ। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (122) #24/05/2026 #dineshapna





 

Saturday, 23 May 2026

★ *पर्यावरण की बातें बड़ी-बड़ी,* *धरातल पर कार्य बहुत कम* ★ पर्यावरण की बातें बड़ी-बड़ी, मंचों पर भाषण, नारों की लड़ी। धरती माँ फिर भी पूछ रही— "मेरे घावों की मरहम कहाँ पड़ी?" पेड़ लगाने के उत्सव होते, फोटो खिंचते, समाचार छपते। किन्तु कुछ ही दिनों के बाद, वो पौधे पानी को तरसते। नन्हे अंकुर सूख के गिरते, कोई उनकी सुध न लेता। कर्तव्य केवल रोपण तक सीमित, पालन का धर्म कौन निभाता? पेड़ लगाने पर जोर बहुत है, पर कटाई पर रोक कहाँ? हरियाली का वचन सभी देते, पर संरक्षण का संकल्प कहाँ? एक ओर वृक्षारोपण अभियान, दूजी ओर जंगलों का संहार। काग़ज़ों में हरियाली बढ़ती, धरती पर बढ़ता अंधकार। प्लास्टिक थैलियों पर प्रतिबंध है, यह शासन का उत्तम आदेश। पर उनकी फैक्ट्रियाँ चलती रहें, तो कैसा होगा यह परिवेश? बाज़ारों में ढेरों प्लास्टिक, नदियों में बहता उसका विष। मूक पशु खाते हैं उसको, और भुगतते जीवन का क्लेश। संविधान भी कहता हमसे— अनुच्छेद 48(क) का यही विधान, "राज्य करे पर्यावरण रक्षा," हरियाली का हो सम्मान। अनुच्छेद 51(क)(g) पुकारे, हर नागरिक का यह कर्तव्य बने— "वन, जल, जीवों की रक्षा कर," धरती फिर से स्वर्ग सजे। केवल कानून बनाने से, कर्तव्य कभी पूरे न होंगे। जब तक मन में प्रेम न जागे, वन फिर हरे-भरे न होंगे। पेड़ लगाना केवल प्रारम्भ है, उनकी सेवा ही सच्चा धर्म। जल दो, रक्षा करो, प्रेम दो, यही प्रकृति पूजा का मर्म। आओ अब संकल्प करें हम— नारे नहीं, व्यवहार बदलें। धरती माँ की पीड़ा समझें, अपने जीवन के आधार बदलें। यदि वृक्ष रहेंगे, जल बचेगा, तो ही जीवन मुस्काएगा। यदि प्रकृति का मान रखेंगे, तो भारत फिर हरियाएगा। पर्यावरण की बातें बड़ी-बड़ी, अब धरातल पर काम भी हो। केवल शब्दों से नहीं मित्रों, कर्तव्य से हर नाम भी हो॥ *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (121) #24/05/2026 #dineshapna


 

Tuesday, 19 May 2026

★ *केले खाकर छिलके सड़क पर मत फेंकिए!* ★ आदरणीय मार्बल एवं मिनरल खनन व्यापारीगण, प्रोसेसिंग यूनिट संचालकगण एवं परिवहन व्यवसायीगण, सादर निवेदन! *आप व्यापार करें, लाभ कमाएँ, प्रगति करें—यह स्वागतयोग्य है।* आप समाज को रोजगार दे रहे हैं, अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं—यह सराहनीय है। किन्तु *प्रश्न तब उठता है, जब लाभ की दौड़ में नियमों की अनदेखी, कर चोरी, पर्यावरण प्रदूषण, और अब मानव जीवन के साथ खिलवाड़ होने लगे।* अब तक हम बहुत कुछ सहते आए हैं— *कटते पहाड़, उड़ती धूल, प्रदूषित जल, टूटी सड़कें, ओवरलोड वाहन, बिना ढके ट्रक, और बढ़ती दुर्घटनाएँ।* किन्तु अब *यह केवल पर्यावरण का प्रश्न नहीं रहा— यह निर्दोष व्यक्तियों के जीवन और सुरक्षा का प्रश्न बन चुका है।* केले खाकर उसका छिलका सड़क पर फेंक देना, और फिर किसी के गिरने की चिंता न करना— *क्या यही हमारी जिम्मेदारी है?* आपकी लापरवाही भी आज कुछ ऐसा ही कर रही है— *सड़कों पर बिखरता खनिज, धूल और असुरक्षित परिवहन किसी भी क्षण किसी की जान ले सकता है।* यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, *यह नैतिकता और मानवता का भी खुला अपमान है।* हम folded hands से आपसे निवेदन करते हैं— *अब रुक जाइए। संभल जाइए। सुधर जाइए।* उक्त नुकसान को रोकने का ब्रह्मास्त्र हमारे पास है, और उसकी चाबी भी अभी हमारे पास सुरक्षित है। *हम नहीं चाहते कि वह चाबी प्रशासन को सौंपनी पड़े—* क्योंकि उसके बाद बचाव कठिन ही नहीं, असंभव हो जाएगा। इसलिए आज फिर विनम्र आग्रह है— *व्यापार कीजिए, पर जिम्मेदारी के साथ।* *लाभ कमाइए, पर जीवन की कीमत पर नहीं।* *कृपया व्यक्तियों के जीवन के साथ खेलना बंद करें।* यही कानून का सम्मान है, यही समाज के प्रति आपका धर्म है। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (120) #19/05/2026 #dineshapna



 

Monday, 18 May 2026

★ *“खनिज भी रहे, प्रकृति भी बचे”* ★ धरती माँ की गोद से हम, खनिज रत्न जो पाते हैं, *पर हर आघात पहाड़ों पर, अपने भविष्य को मिटाते हैं।* मार्बल देता रोजगार हमें, समृद्धि का वरदान, *पर पर्यावरण के बिन सूना, हर वैभव, हर सम्मान।* कटते वृक्ष, उड़ती धूल, नदियों में घुलता ज़हर, *यदि अब भी हम न चेते, संकट आएगा प्रखर।* खनिज सम्पदा का दोहन हो, पर नियमों का भी मान, *हर खदान के संग उगें फिर, हरियाली के नव प्राण।* व्यापारी हों उत्तरदायी, अधिकारी भी जागें आज, *धरती, जल, वन, वायु बचाना—हम सबका है यह काज।* आओ मिलकर प्रण ये लें, प्रकृति का मान बढ़ाएँ, *पत्थर के संग आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी बचाएँ।* *“हर खदान के साथ हरियाली,* यही हमारी सच्ची जिम्मेदारी।” *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (119) #19/05/2026 #dineshapna


 

Saturday, 16 May 2026

★ *“सनातन बोर्ड” क्यों बनना चाहिए ?"* ★ यदि “सनातन बोर्ड” का उद्देश्य निम्न हो, तो इसकी आवश्यकता पर विचार किया जा सकता है :— (i) *मन्दिरों की स्वायत्तता एवं संरक्षण हेतु :-* आज अनेक हिन्दू मन्दिर विभिन्न राज्य कानूनों के अधीन सरकारी नियंत्रण में हैं। एक स्वतंत्र सनातन बोर्ड मन्दिरों के धार्मिक, आर्थिक और प्रशासनिक प्रबंधन को सनातन परम्पराओं के अनुरूप संचालित करने में सहायक हो सकता है। (ii) *सनातन संस्कृति एवं शिक्षा के संरक्षण हेतु :-* वेद, उपनिषद, संस्कृत, शास्त्र, गौशाला, गुरुकुल, तीर्थ परम्परा, उत्सव आदि के संरक्षण और संवर्धन हेतु एक संस्थागत निकाय उपयोगी हो सकता है। (iii) *धार्मिक अधिकारों की रक्षा हेतु :-* भारतीय संविधान के *अनुच्छेद 25* — धर्म मानने, आचरण करने और प्रचार करने की स्वतंत्रता। *अनुच्छेद 26* — धार्मिक संस्थाओं को अपने धार्मिक मामलों का प्रबंधन करने का अधिकार। *अनुच्छेद 29* — अपनी संस्कृति के संरक्षण का अधिकार। यदि बोर्ड इन अधिकारों की रक्षा और धार्मिक स्वायत्तता के लिए बने, तो उसका संवैधानिक आधार मजबूत हो सकता है। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (118) #17/05/2026 #dineshapna





 

★ *श्रीनाथजी मंदिर सरकारी नियंत्रण से मुक्त हो !* ★ — (आस्था, अधिकार और उत्तरदायित्व का प्रश्न) — नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि *वल्लभ सम्प्रदाय की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत केंद्र है।* सदियों से यह मंदिर “सेवा ही साधना” की भावना के साथ वल्लभ कुल एवं वैष्णव समाज द्वारा संचालित धार्मिक मर्यादाओं का प्रतीक रहा है। गोवर्धन से मेवाड़ तक *श्रीनाथजी की यात्रा केवल स्थान परिवर्तन नहीं, बल्कि धर्म और परंपरा की रक्षा का इतिहास है।* महाराणा राज सिंह जी के संरक्षण में स्थापित यह मंदिर सदैव धार्मिक स्वायत्तता और श्रद्धा का केंद्र रहा, किन्तु *वर्तमान में “नाथद्वारा मंदिर मंडल अधिनियम, 1959” के अंतर्गत सरकारी नियंत्रण में है।* भारतीय *संविधान के अनुच्छेद 25 से 28* प्रत्येक धार्मिक सम्प्रदाय को अपने धर्म और धार्मिक संस्थानों के संचालन की स्वतंत्रता प्रदान करते हैं। ऐसे में किसी विशिष्ट हिन्दू मंदिर पर निरंतर सरकारी नियंत्रण धार्मिक स्वतंत्रता और समानता के सिद्धांत पर प्रश्न खड़े करता है। चिंता का विषय यह भी है कि *सरकारी नियंत्रण के बावजूद मंदिर की संपत्तियों की सुरक्षा, दानराशि के पारदर्शी उपयोग एवं प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर समय-समय पर प्रश्न उठते रहे हैं।* श्रद्धालुओं की अपेक्षा है कि ठाकुरजी को अर्पित धन धर्म, सेवा, गौसंरक्षण, संस्कृत शिक्षा और जनकल्याण में समर्पित हो। अतः समय की मांग है कि श्रीनाथजी मंदिर को *सरकारी नियंत्रण से मुक्त कर, वल्लभ कुल एवं बृजवासी समाज की परंपरानुसार* एक पारदर्शी, उत्तरदायी और धर्मसम्मत व्यवस्था स्थापित की जाए। यह *केवल प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि आस्था के सम्मान, परंपरा की रक्षा और श्रद्धालुओं के विश्वास की पुनर्स्थापना का प्रश्न है।* “श्रीनाथजी की सेवा, श्रीनाथजी की मर्यादा के अनुसार हो — यही प्रत्येक भक्त की भावना है।” *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (117) #16/05/2026 #dineshapna




 

Tuesday, 12 May 2026

★ *स्वतंत्र भारत में सनातन समाज के अधिकार* ★ *भारत की सनातन संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध परम्पराओं में से एक है।* हमारे मन्दिर केवल पूजा-स्थल नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक जीवन के केन्द्र रहे हैं। इतिहास साक्षी है कि *आक्रांताओं ने हमारी आस्था को कमजोर करने हेतु सबसे पहले मन्दिरों को लूटा, तोड़ा, हमारी शिक्षा और जीवन-पद्धति को नष्ट करने का प्रयास किया तथा अनेक लोगों को अत्याचार सहने पड़े।* किन्तु *आज हम स्वतंत्र भारत के नागरिक हैं। हमारा Constitution of India हमें समानता, धार्मिक स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है।* *अनुच्छेद 14* सभी को समानता का अधिकार देता है, जबकि *अनुच्छेद 25 एवं 26* हमें अपने धर्म का पालन करने और धार्मिक संस्थाओं के स्वतंत्र संचालन का अधिकार प्रदान करते हैं। ऐसी स्थिति में *यह अपेक्षा न्यायसंगत है कि सनातन समाज, उसके मन्दिरों और धार्मिक संस्थानों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या अन्याय न हो।* हमें अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक होकर, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने जनप्रतिनिधियों से न्याय और समानता की मांग करनी चाहिए। *इतिहास ने हमें संघर्ष सिखाया है, और संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं* — अब समय है जागरूक होकर अपने अधिकार प्राप्त करने का। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (116) #12/05/2026 #dineshapna


 

Sunday, 10 May 2026

★ *सनातन जागरण का शंखनाद* ★ *“धर्मो रक्षति रक्षितः” — जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है।* हमें गर्व है कि हम हिन्दू हैं, हिन्दुस्तानी हैं, और इसलिए सनातनी हैं। *हमारा प्रथम कर्तव्य है कि हम सनातन धर्म का पूर्ण निष्ठा से पालन करें, और साथ ही भारत के संविधान एवं विधि-व्यवस्था का सम्मान करें।* किन्तु जब कहीं संविधान की मूल भावना के विपरीत भेदभाव, अन्याय या असमानता दिखाई दे, तब उसका संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक विरोध करना भी प्रत्येक जागरूक नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। *१. समानता का अधिकार – अनुच्छेद 14* भारत का संविधान अनुच्छेद 14 के अंतर्गत सभी नागरिकों को कानून के समक्ष समानता एवं समान संरक्षण का अधिकार देता है। यदि अन्य धार्मिक संस्थानों की तुलना में केवल हिन्दू मन्दिरों के प्रबंधन, सम्पत्ति या धार्मिक कार्यों में अत्यधिक सरकारी हस्तक्षेप हो, तो यह प्रश्न उठाना स्वाभाविक है कि क्या समानता का सिद्धान्त समान रूप से लागू हो रहा है? यह विषय संवैधानिक विमर्श और न्यायिक समीक्षा का विषय है, और इस पर जागरूक चर्चा आवश्यक है। *२. धर्म की स्वतंत्रता – अनुच्छेद 25 एवं 26* संविधान का अनुच्छेद 25 प्रत्येक नागरिक को अपने धर्म को मानने, आचरण करने और प्रचार करने की स्वतंत्रता देता है। अनुच्छेद 26 धार्मिक सम्प्रदायों को अपने धार्मिक संस्थानों के प्रबंधन का अधिकार प्रदान करता है। अतः सनातन समाज को अपने मन्दिरों, परम्पराओं और धार्मिक संस्थाओं के संरक्षण हेतु इन संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। *३. शिक्षा और संस्कृति की रक्षा – अनुच्छेद 29 एवं 30* संविधान अनुच्छेद 29 के माध्यम से प्रत्येक समुदाय को अपनी संस्कृति और परम्परा सुरक्षित रखने का अधिकार देता है। हिन्दू समाज को भी अपनी संस्कृति, शास्त्र, संस्कार और धर्मज्ञान अगली पीढ़ियों तक पहुँचाने हेतु संगठित प्रयास करने चाहिए—घर में, समाज में और शिक्षण संस्थानों में। *अब समय है जागरण का!* यदि हम स्वयं अपने धर्म, मन्दिरों और परम्पराओं के प्रति उदासीन रहेंगे, तो उनकी रक्षा कौन करेगा? सनातन केवल पूजा-पद्धति नहीं, यह जीवन-पद्धति है। मन्दिर केवल भवन नहीं, हमारी आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के केन्द्र हैं। *आज आवश्यकता है कि प्रत्येक हिन्दू संकल्प ले :—* ⚔️ मैं अपने धर्म का ज्ञान प्राप्त करूँगा। ⚔️ मैं अपने मन्दिरों और धार्मिक संस्थाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक रहूँगा। ⚔️ मैं संविधानसम्मत और विधिसम्मत तरीके से अपने अधिकारों की रक्षा करूँगा। ⚔️ मैं सनातन संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का दायित्व निभाऊँगा। *याद रखें :—* "जो अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा नहीं करता, इतिहास उसकी पहचान मिटा देता है।" अतः आइए, *स्वयं से, अभी से, अपने घर से—सनातन रक्षा का यह पावन अभियान प्रारम्भ करें।* ●जय श्रीराम।●जय श्रीकृष्ण।●जय हिन्द। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (115) #10/05/2026 #dineshapna






 

Saturday, 9 May 2026

★ *आदर्श पुजारी : : सनातन के सच्चे रक्षक* ★ तब समझ आता है, *पुजारी होना कितना कठिन,* *कितना तप, कितना अनुशासन,* कितना समर्पण माँगता प्रतिक्षण। यह सेवा न यश की अभिलाषा, न धन पाने का कोई मान; *यह तो केवल प्रभु चरणों में* *अर्पित जीवन का सम्मान।* *वे धर्म का भाषण नहीं देते,* *धर्म को जीवन में जीते हैं;* अपने कर्म और पावन आचरण से सनातन की ज्योति सींचते हैं। किताबों से संस्कृति जीवित नहीं, तपस्वी परंपराएँ आधार हैं; *इन्हीं के कारण मंदिर आज भी* *आस्था के सच्चे द्वार हैं।* *बद्रीनाथ धाम के आदर्श पुजारी,* *त्याग और सेवा की पहचान;* हिम शिखरों में तप कर जो रखते प्रभु का दिव्य सम्मान। नमन उन कर्मयोगी जनों को, जो धर्म के सच्चे रक्षक हैं; *पुजारी केवल सेवक नहीं—* *सनातन संस्कृति के संरक्षक हैं।* *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (114) #09/05/2026 #dineshapna



 

Thursday, 7 May 2026

*★“सुरक्षित हरित परिवहन – स्वच्छ पर्यावरण – सुरक्षित राजस्थान” अभियान की पहल !★* राजस्थान में खनिज परिवहन से उत्पन्न प्रदूषण, ओवरलोडिंग एवं सड़क सुरक्षा की गंभीर समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण मंच द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। *मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी नारायण आमेटा एवं राजस्थान प्रदेश सचिव सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* ने उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी जी को उनके नाथद्वारा प्रवास के दौरान एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि मार्बल, ग्रेनाइट एवं अन्य खनिजों के अनियंत्रित परिवहन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग एवं मुख्य जिला सड़कों पर प्रदूषण, ओवरलोडिंग एवं दुर्घटनाओं का जोखिम लगातार बढ़ रहा है, जिससे जन-धन हानि एवं पर्यावरण क्षति हो रही है। मंच द्वारा प्रस्तुत सुझावों में प्रमुख रूप से— *खनिज वाहनों में ओवरलोडिंग पर सख्ती, तिरपाल से ढककर सुरक्षित परिवहन*, बिना ढकाव के रॉयल्टी निर्गमन पर रोक, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी, प्रदूषण नियंत्रण उपायों का सख्त पालन तथा उद्योगों में वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही, *परिवहन विभाग, खान एवं भू-विज्ञान विभाग, यातायात पुलिस, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जिला उद्योग केंद्र* एवं संबंधित एसोसिएशनों की संयुक्त उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर समन्वित कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया गया है। मंच का मानना है कि इन उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन से *सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 30% तक कमी* लाई जा सकती है तथा पर्यावरण संरक्षण और जनसुरक्षा को मजबूत किया जा सकेगा। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि *“सुरक्षित हरित परिवहन – स्वच्छ पर्यावरण – सुरक्षित राजस्थान”* केवल प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। मंच ने विश्वास व्यक्त किया कि उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान में प्रदूषण नियंत्रण एवं सुरक्षित परिवहन का एक आदर्श मॉडल स्थापित होगा। ज्ञापन देने के बाद राजसमन्द लोटते समय *एक गिट्टी की ओवरलोड डम्पर को देखा जिसमें गिट्टी सडक पर बिखरती हुए जा रही थी, तब उसकी शिकायत* परिवहन , खनन , जीएसटी व प्रदूषण विभाग को की । जिस पर परिवहन विभाग ने तुरंत कार्यवाही करते हुए डम्पर को सीज किया व अन्य विभागों ने भी उचित कार्यवाही शुरू की । *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (113) #07/05/2026 #dineshapna

















 

Sunday, 3 May 2026

★ *जनता सरकार ::* *जागरूक नागरिक, सशक्त लोकतन्त्र* ★ लोकतन्त्र की सबसे बड़ी शक्ति न किसी नेता में होती है, न किसी दल में— *वह शक्ति होती है जनता में।* जनता ही अपने मताधिकार के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को चुनती है, और वही चुने हुए प्रतिनिधि सरकार का निर्माण करते हैं। इस दृष्टि से देखा जाए तो सरकार का वास्तविक स्वरूप *“जनता सरकार” ही है, जहाँ जनता ही नियोक्ता है और जनप्रतिनिधि उसके सेवक।* ◆किन्तु विडम्बना यह है कि यह सशक्त व्यवस्था व्यवहार में उतनी प्रभावी नहीं दिखती। चुनाव के दिन जनता अपने अधिकार का उपयोग कर “राजा” बनती है, लेकिन इसके बाद पाँच वर्षों तक वही जनता अनेक बार उपेक्षित महसूस करती है। इसका *मुख्य कारण है— अज्ञानता, असंगठन और अधिकारों के प्रति उदासीनता।* ◆लोकतन्त्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है। यह एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यदि नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों को समझें, जैसे— ¶ सूचना का अधिकार (RTI) का उपयोग, ¶ जनहित याचिका (PIL) का सहारा, ¶ स्थानीय निकायों में भागीदारी, ¶ जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही की मांग, ◆तो सरकार वास्तव में जनता के प्रति उत्तरदायी बन सकती है। ◆जब जनता संगठित होकर जागरूकता के साथ अपने अधिकारों का प्रयोग करती है, तब वह केवल एक दिन नहीं बल्कि पूरे पाँच वर्षों (1825 दिन) तक शासन की वास्तविक शक्ति बनी रहती है। उस स्थिति में नेता केवल प्रतिनिधि बनकर कार्य करते हैं, न कि स्वामी बनकर। ◆अतः “जनता सरकार” का वास्तविक अर्थ है— एक ऐसी व्यवस्था, जहाँ हर नागरिक *अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग हो,* *जहाँ निर्णयों में जनता की भागीदारी हो,* और *जहाँ शासन जनता की इच्छा के अनुरूप संचालित हो।* *निष्कर्ष :-* ¶ लोकतन्त्र की मजबूती किसी संविधान या व्यवस्था से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों से होती है। ¶ यदि जनता अपने अधिकारों को जाने, समझे और उनका निर्भीक होकर उपयोग करे, तो वह हर दिन “राजा” बनी रह सकती है। अन्यथा, लोकतन्त्र केवल एक दिन का उत्सव बनकर रह जाएगा। ◆ *अब यह निर्णय जनता के हाथ में है—* ¶ क्या वह केवल एक दिन का राजा बनना चाहती है, ¶ या पूरे 1825 दिनों तक अपनी सरकार चलाना चाहती है। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (112) #03/05/2026 #dineshapna