Wednesday, 24 June 2026

★ *पाँच वर्षों से सड़क, नाली और सफाई नहीं, फिर कैंप लगाकर दिखावा क्यों? – सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* ★ वार्ड संख्या 11 स्थित आनंद विहार कॉलोनी, किशोर नगर के निवासियों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करते हुए कहा है कि जब परिषद पिछले पाँच वर्षों से क्षेत्र में मूलभूत नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने में विफल रही है, तो आज विभिन्न शिविर एवं जनसुनवाई आयोजित कर जनता के प्रति संवेदनशील होने का दिखावा क्यों किया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र निवासी सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य ने आयुक्त नगर परिषद को प्रेषित पत्र में कहा है कि आनंद विहार कॉलोनी में वर्षों से सड़क निर्माण, पानी निकासी हेतु उचित नालियों का निर्माण तथा नियमित सफाई व्यवस्था नहीं हो पाई है। अनेक बार लिखित एवं मौखिक शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नालियों के अभाव में गंदा पानी सड़कों एवं खाली भूखंडों में जमा हो रहा है, जिससे मच्छरों एवं बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। वहीं सड़कें क्षतिग्रस्त एवं अविकसित होने के कारण आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को प्रतिदिन परेशानी उठानी पड़ रही है। सीए सनाढ्य ने प्रश्न उठाया कि यदि नगर परिषद पाँच वर्षों में एक कॉलोनी को सड़क, नाली एवं नियमित सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध नहीं करा सकती, तो फिर विभिन्न शिविरों और प्रचार कार्यक्रमों के माध्यम से विकास एवं जनसेवा के दावे किस आधार पर किए जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले धरातल पर कार्य करके जनता को राहत देनी चाहिए, न कि केवल औपचारिक कार्यक्रमों एवं फोटो सेशन के माध्यम से उपलब्धियों का प्रदर्शन करना चाहिए। जनता को भाषण, घोषणाएँ और शिविर नहीं, बल्कि साफ-सुथरी सड़कें, उचित जल निकासी व्यवस्था और नियमित सफाई चाहिए। इस संबंध में नगर परिषद आयुक्त से स्पष्ट रूप से पूछा गया है कि आखिर आनंद विहार कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य क्यों नहीं किए जा रहे हैं तथा यदि कोई प्रशासनिक या वित्तीय बाधा है तो उसका सार्वजनिक खुलासा किया जाए। साथ ही कार्य प्रारम्भ करने की निश्चित समय-सीमा भी घोषित की जाए। सीए सनाढ्य ने बताया कि वर्तमान स्थिति को दर्शाने वाले दिनांक 18 जून 2026 के फोटोग्राफ्स भी नगर परिषद को भेजे गए हैं, ताकि वास्तविक स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी अपने वैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु सक्षम प्रशासनिक एवं न्यायिक मंचों का सहारा लेने पर विवश होंगे। *सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य* *#एक हिन्दुस्तानी* (144) #24/06/2026 #dineshapna






 

No comments:

Post a Comment